
बिजनौर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बिजनौर जिले के बर्धमान कॉलेज में जनसभा स्थल पर भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं के शंखनाद,जयघोष और तालियों की गूंज के बीच मुख्यमंत्री का अभिनंदन हुआ।मुख्यमंत्री ने आज बिजनौर जिले को करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत वाली 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर बड़ी सौगात दी।
अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर जिले में विकास को नई गति देना और जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।सीएम ने कहा कि 2017 से पहले कोई मुख्यमंत्री बिजनौर नहीं आता था। वो बिजनौर को अपशगुन मानते थे।
मैं कहता हूं कि वे खुद अपशकुन थे।इसलिए बिजनौर ने उन्हें पसंद नहीं किया। भला महात्मा विदुर की धरती पर कौन नहीं आना चाहेगा? यह भगवान कृष्ण की लीलाओं का केंद्र रहा है। यहां कौन नहीं आना चाहेगा।अखिलेश को लेकर योगी ने कहा- 2017 से पहले एक बबुआ 12 बजे सोकर उठते थे। 2 बजे तक खाते-पीते थे, फिर जिम चले जाते थे और अपनी मंडली में बैठ जाते थे। उनके पास जनता के लिए समय ही कहां था।योगी ने बिजनौर के वर्धमान डिग्री कॉलेज में 1003 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी बांटे।सीएम दोपहर करीब दो बजे बिजनौर पहुंचे और जनता को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने जिले की प्रतिभाशाली छात्राओं को भी सम्मानित किया।सीएम ने आगे कहा- हम लोग पहले भी हाईवे बना रहे थे। अब गंगा एक्सप्रेसवे बिजनौर से होकर हरिद्वार जाएगा। बिजनौर में नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला रखने का काम किया गया है। बिजनौर की बेटियां अपना परचम लहराएंगी।
नर्सिंग कॉलेज में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट मिलेगा। ये काम 2017 से पहले भी हो सकता था। लेकिन कुछ भी नहीं कराया गया।योगी ने कहा- 2017 से पहले 10 साल तक गन्ने का भुगतान नहीं होता था। जयंत चौधरी और चंदन चौहान ने मुझसे एक बार कहा था कि गन्ने का मूल्य बढ़ना चाहिए। हमने कहा कि ये भी कर देंगे। आज गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया है।सीएम ने कहा- पहले भय का ऐसा माहौल था कि 2016 में एनआईए के डीएसपी और उनकी पत्नी की यहां गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पहले की सरकारें कहती थीं कि अपराध को नियंत्रित नहीं किया जा सकता। अब अपराध मुक्त यूपी है। धूम धड़ाके के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है।
रामनवमी पर कोई रोक नहीं है। अब बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा सकता।सीएम ने कहा- देश का विभाजन कांग्रेस के पाप के कारण हुआ था। कांग्रेस ने बाबा साहब को बदनाम करने का काम किया। योगेंद्र नाथ मंडल की भूमिका के कारण देश में त्रासदी हुई। वे आजादी के समय मुस्लिम लीग के बहकावे में आ गए और पाकिस्तान के कानून मंत्री बने। परिणाम यह हुआ कि देश का विभाजन हुआ, लेकिन हिंदुओं का कत्लेआम नहीं रुका। बाद में वो 1950 में वे पाकिस्तान छोड़कर भारत लौट आए और 15 साल में सार्वजनिक जीवन से लगभग विलीन हो गए। बाबा साहब हमेशा दलितों और वंचितों के लिए लड़े। बाद में वे उनके मसीहा बने।योगी ने कहा- आज भी कुछ लोग योगेंद्र मंडल बनना चाहते हैं।
वे नाम बाबा साहब का लेते हैं, लेकिन काम योगेंद्र मंडल वाला करते हैं। वे दलितों को लड़ाने का काम करते हैं। हमें ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा, जो देश को बांटने का काम करते हैं। ये लोग गरीबों की आवाज दबाना चाहते हैं।योगी ने कहा- कभी कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि मैं 100 रुपये भेजता हूं, लेकिन जमीन पर केवल 15 रुपये ही पहुंचते हैं। बाकी पैसा सपा और कांग्रेस के लोग खा जाते थे।
यह पैसा किसानों, गरीबों और जरूरतमंदों का था,जो उन तक नहीं पहुंचता था।आज एक करोड़ 6 लाख दिव्यांगों और वृद्धजनों को पेंशन का लाभ मिल रहा है। हम लखनऊ में बैठकर निगरानी करते हैं। जहां कहीं भी गड़बड़ी होती है, उसे पकड़ लेते हैं। हमने विधायक शुचि चौधरी से फ्लाईओवर के लिए प्रस्ताव मांगा है। हम विकास का काम नहीं रोकते।योगी ने कहा- जब मैं नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र देता हूं, तो बड़ी खुशी होती है। नहटौर, बिजनौर या चांदपुर का कोई युवा नौकरी पाता है, तो अच्छा लगता है। अगर मैं लखनऊ में बैठकर ही योजनाएं बनाता,तो आज उत्तर प्रदेश अपनी समस्याओं से उबर नहीं पाता।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिजनौर की साहित्यिक,वैज्ञानिक और सामाजिक विरासत का उल्लेख करते हुए पंडित पद्म सिंह शर्मा,आचार्य दत्तक शर्मा,अबुल फ़ज़ल वफ़ाई, वैज्ञानिक डॉ.आत्माराम,हिंदी ग़ज़लकार दुष्यंत कुमार, महावीर सिंह त्यागी और संविधान विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कश्यप जैसी विभूतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि बिजनौर की इस गौरवशाली भूमि को वह कोटि-कोटि नमन करते हैं।
सीएम ने जनप्रतिनिधियों और जनता का अभिवादन किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के वर्धमान कॉलेज में आयोजित जनसभा में ‘जय-जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल,सांसद चंदन चौहान,विधायकों, विधान परिषद सदस्यों,जिला पंचायत अध्यक्ष समेत सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
इसके साथ ही बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे लोगों का अभिनंदन करते हुए विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पश्चिमी यूपी नबाब सिंह नागर, प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल, अशोक कटारिया,जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान,अशोक राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष बिजनौर साकेंद्र प्रताप सिंह, ओमकुमार सिंह,कमलेश सैनी,ठाकुर सुशांत सिंह,डॉ इंद्रदेव सिंह,डॉ एनपी सिंह, सुभाष चौहान, गन्ना विकास समिति धामपुर के अध्यक्ष रामवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
