| पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के किलोमीटर-164 पर स्थित प्रेम वण्डर लैंड के समीप राज्य मार्ग-413ए पर अतिरिक्त दो लेन के उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) के निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। |

मुरादाबाद, मण्डला युक्त आन्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार, मुरादाबाद में मण्डलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुरादाबाद मण्डल के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, निर्यात संवर्धन तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग, मुरादाबाद मण्डल योगेश कुमार ने किया। उन्होंने अवगत कराया कि समिति की पिछली बैठक दिनांक 20 जून 2026 की कार्यवृत्त सभी संबंधित विभागों को प्रेषित की जा चुकी है तथा उस पर कोई आपत्ति प्राप्त नहीं हुई है। इसके उपरांत पिछली बैठक की पुष्टि करते हुए एजेंडावार समीक्षा की गई।बैठक में मुरादाबाद स्पेशल इकोनॉमिक जोन (MSEZ) के विकास, निवेश आकर्षित करने एवं निर्यातोन्मुख उद्योगों को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर नोएडा स्पेशल इकोनॉमिक जोन (NSEZ) के विकास आयुक्त श्री गोपाल मीणा, संयुक्त विकास आयुक्त पारस मणि त्रिपाठी तथा उप विकास आयुक्त आशीष रावलानी ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने MSEZ में उपलब्ध औद्योगिक भूखंडों, निवेशकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं निर्यात आधारित उद्योगों की संभावनाओं की जानकारी दी। साथ ही भूखंड आवंटन, यातायात, सुरक्षा व्यवस्था तथा सीईटीपी (CETP) जैसी प्रमुख समस्याओं के शीघ्र समाधान पर चर्चा की गई।मण्डलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निवेशकों एवं उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके।बैठक में पाकबड़ा अण्डरपास की क्षतिग्रस्त सड़क के संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक ने बताया कि अण्डरपास पर नाले एवं सर्विस रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
नाले का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा सर्विस रोड का निर्माण भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के किलोमीटर-164 पर स्थित प्रेम वण्डर लैंड के समीप राज्य मार्ग-413ए पर अतिरिक्त दो लेन के उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) के निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के अंतर्गत प्रस्ताव विश्वकर्मा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है तथा प्रारंभिक आगणन तैयार कर लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को भेजा जा चुका है।बैठक में बसन्तपुर रामराय वन ब्लॉक स्थित डियर पार्क के सौन्दर्यीकरण, इको-टूरिज्म एवं नगर वन योजना के अंतर्गत संशोधित कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।ई-वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की अधिकृत एजेंसी द्वारा प्रतिदिन महानगर के सभी वार्डों में ई-वेस्ट एवं घरेलू अपशिष्ट संग्रहण के साथ जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि ई-वेस्ट संग्रहण के समय प्रत्येक उपभोक्ता को अनिवार्य रूप से रसीद उपलब्ध कराई जाए, जिससे व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने अवगत कराया कि गागन एवं रामगंगा नदी के तटीय क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा जून माह के दौरान 52 अवैध भट्टियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।धनुपुरा स्थित सीएनजी पम्प के सामने सड़क निर्माण के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि उक्त कार्य को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है तथा धनराशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जाएगा। समिति ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की।जनपद बिजनौर में ओडीओपी योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) देवदरा एसओ को प्रदूषण विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र एवं जिला पंचायत से मानचित्र स्वीकृति दिलाने के संबंध में भी चर्चा हुई।
इस पर अवगत कराया गया कि अध्यक्ष की ओर से सदस्य सचिव, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, लखनऊ को आवश्यक पत्र प्रेषित किया जा चुका है।बैठक में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, श्रम विभाग, यूपीसीडा, रेलवे, उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रिज कॉर्पोरेशन, लघु उद्योग भारती, यंग एंटरप्रेन्योर सोसायटी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
