
जिला चिकित्सालय मुरादाबाद में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय की अध्यक्षता में चिकित्सालय में कार्यरत समस्त चिकित्सा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुविधा एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।बैठक के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने निर्देश दिए कि निर्धारित चिकित्सालय में कार्यरत समस्त चिकित्सक, स्टाफ नर्स एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित होना सुनिश्चित करें, जिससे मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।उन्होंने कहा कि प्रातः 8:00 बजे से ओपीडी में मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ हो जानी चाहिए, ताकि उपचार हेतु आने वाले रोगियों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सालय में पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त भर्ती मरीजों के वार्डों में स्वच्छता एवं बेहतर देखभाल के दृष्टिगत निर्देशित किया कि सभी मरीजों के पलंगों की चादरें प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे तक अनिवार्य रूप से बदल दी जाएं।प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि अस्पताल में अनुशासन, स्वच्छता एवं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित मानकों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करें।बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार, अस्पताल प्रबंधक कुलदीप सक्सेना सहित चिकित्सालय के समस्त चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
