
फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने वाले गैंग का खुलासा,
मुरादाबाद। थाना कटघर पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, बैंक पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मार्कशीट, विभिन्न जनप्रतिनिधियों के लेटर पैड समेत लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, इस मामले में उपनिरीक्षक उस्मान अली की तहरीर पर छह अक्टूबर को थाना कटघर में मुकदमा अपराध संख्या 586/2026 दर्ज किया गया था। आरोपियों पर छल, कूटरचना, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल, आपराधिक षड्यंत्र तथा पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी कटघर के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए महफूज पुत्र महमूद, निवासी अगवानपुर, हाल निवासी पीर का बाजार, थाना मझोला, मुरादाबाद और आकाश पुत्र शिवदत्त, निवासी फरीदपुर सेक्टर-78, फरीदाबाद, हरियाणा को रामगंगा पुल के पास से गिरफ्तार किया।
फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाने की कोशिश पूछताछ में पुलिस के अनुसार, महफूज ने बताया कि वह फर्जी कागजात तैयार कर लोगों के पासपोर्ट बनवाता था। उसके साथी द्वारा पासपोर्ट बनवाने वाले व्यक्ति की फोटो और नाम भेजे जाते थे। इसके बाद वह फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर पासपोर्ट के लिए आवेदन करता था।दूसरे आरोपी आकाश ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि उसका पासपोर्ट ‘रवि पुत्र प्रेमस्वरूप’ के नाम से बनवाने के लिए आवेदन किया गया था, जबकि उसका वास्तविक नाम आकाश पुत्र शिवदत्त है। पुलिस के मुताबिक, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किया गया पिछला आवेदन निरस्त हो गया था और दोनों आरोपी दोबारा आवेदन करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।आकाश ने यह भी बताया कि वह पहले रंगदारी के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद था। वहीं उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने विदेश जाने के लिए फर्जी पासपोर्ट बनवाने की बात कही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह पासबुक, पांच चेकबुक, 25 आधार कार्ड, दो मूल वोटर आईडी, चार पैन कार्ड, पांच जन्म प्रमाण पत्र, कूटरचित मार्कशीट, फर्जी बिजली बिल, आधार व पैन कार्ड की प्रतियां, विभिन्न ग्राम प्रधान एवं पार्षदों के लेटर पैड, आरसी, बैंक खाता खोलने के फार्म और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।इसके अलावा पुलिस ने एक लैपटॉप मय चार्जर और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद दस्तावेजों की संख्या और प्रकृति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि इनके जरिए कई लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए होंगे।महफूज पर पहले से कई मुकदमेपुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महफूज का पहले से आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ सिविल लाइंस और डिलारी थानों में धोखाधड़ी, कूटरचना, दुष्कर्म, आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वर्तमान मामले में भी उसके खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फर्जी पासपोर्ट तैयार कराने वाले नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश और पूछताछ की जा रही है।
